प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने असमिया भाषा में भूपेन दा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस आयोजन को असम, पूर्वोत्तर, भारतीय कला और सामूहिक चेतना का उत्सव बताया। प्रधानमंत्री ने जन्म शताब्दी समारोह की उस भावपूर्ण यात्रा का उल्लेख किया, जिसकी शुरुआत गुवाहाटी से हुई और जिसका समापन राष्ट्रीय राजधानी में हुआ। उन्होंने इसकी तुलना इससे पहले दिल्ली में आयोजित वीर लचित बरफुकन की 400वीं जयंती के भव्य समारोह से करते हुए राष्ट्रीय एकता की भावना को रेखांकित किया। श्री मोदी ने कहा, “यह एक भारत, श्रेष्ठ भारत का अत्यंत सुंदर उदाहरण है।”
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र द्वारा अपने महान सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के अवसर पर जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन और समापन, दोनों समारोहों में शामिल होने का अवसर मिलने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने भूपेन दा के साथ अपने विशेष व्यक्तिगत जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा न केवल असम के महान सपूत थे, बल्कि गुजरात के दामाद भी थे। असम की सांस्कृतिक जीवंतता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किए जाने के प्रसंग को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि किस प्रकार 11,000 कलाकारों ने एक साथ बिहू प्रस्तुत किया था, बोडो कलाकारों ने बागुरुम्बा नृत्य की प्रस्तुति दी थी और चाय बागानों के हजारों कलाकारों ने झुमोइर नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध किया था। उन्होंने असम के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों का दिल्ली में उसी रंग और उत्साह के साथ अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए स्वागत किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “मैं उस क्षण को कभी नहीं भूल सकता, जब 11,000 कलाकारों ने एक साथ बिहू नृत्य प्रस्तुत किया था और पूरी दुनिया ने असम की सांस्कृतिक शक्ति को देखा था।”
प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका की स्मृति में एक नए पुरस्कार की शुरुआत करने के लिए असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा सरमा, उनकी पूरी टीम और असम की जनता को बधाई दी। उन्होंने इस पुरस्कार की पहली प्राप्तकर्ता बनने पर आदरणीय उषा मंगेशकर को हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम और देश की कई पीढ़ियां भूपेन दा और उषा दीदी के गीत सुनते हुए बड़ी हुई हैं। श्री मोदी ने कहा, “उषा दीदी को दिया गया यह सम्मान भूपेन दा की विरासत और संगीत जगत, दोनों का सम्मान है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता को अक्सर उसके नाम, कार्यों और उपलब्धियों से आंका जाता है, लेकिन भूपेन दा जैसी विरली प्रतिभाएं इन सभी सीमाओं से परे होती हैं। उन्होंने कहा कि भूपेन दा ने सुरों में आत्मा भरने के लिए गीत गाए, शब्दों को जीवंत बनाने के लिए लिखा और समाज को जोड़ने के लिए संगीत की रचना की। प्रधानमंत्री ने इस बात को रेखांकित किया कि भूपेन दा ने गंगा और ब्रह्मपुत्र की विशालता को अपनी रचनाओं में समेटा, भाषाई सीमाओं से परे जाकर लोक परंपराओं को नई पीढ़ियों तक पहुंचाया और असाधारण समर्पण के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाया। उन्होंने भूपेन दा की सांगीतिक प्रतिभा और उनकी रचनात्मक विरासत को नमन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “मेरा मानना है कि भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे, बल्कि अपने गीतों के माध्यम से एक युग को रचा।”
प्रधानमंत्री ने भूपेन दा को ऐसा व्यक्तित्व बताया, जो आधुनिकता के साथ-साथ अपनी मिट्टी से भी गहराई से जुड़े हुए थे। उनमें वैश्विक प्रतिभा के साथ भारतीय हृदय भी समाहित था। प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष गुवाहाटी में कही गई अपनी बात को याद करते हुए कहा कि भूपेन दा ने भारत की भावनाओं को स्वर दिया और अपने गीतों में देश के सपनों को पिरोया। श्री मोदी ने कहा, “यह हमारा सौभाग्य है कि भारत सरकार ने उनकी इसी विरासत को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया।”
प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका को दृढ़ राष्ट्रवादी और सच्चा देशभक्त बताते हुए कहा कि उनका मानना था कि एक अच्छा भारतीय बनने के लिए प्रत्येक असमिया का अच्छा अहोमिया होना आवश्यक है (“आमी अहोमिया, आमी भाल भारोतिया”)। प्रधानमंत्री ने वर्ष 1962 में युद्ध के कठिन दौर में युवाओं से मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का आह्वान करने वाले उनके ओजस्वी गीत ‘बुकु हुम हुम करे, मोर आई’ को भी याद किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि “नदियों के प्रति भूपेन दा का प्रेम पुत्रवत था।“
प्रधानमंत्री ने युवा भूपेन हजारिका के उस संकल्प को याद किया, जिसमें उन्होंने नए असम और नए भारत के निर्माण का सपना देखा था। उन्होंने रेखांकित किया कि आज का युवा वर्ग स्टार्टअप शुरू करके, अंतरिक्ष में रॉकेट भेजकर तथा कृषि, वित्त, खेल और विज्ञान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करके उनके उस सपने को साकार कर रहा है। श्री मोदी ने कहा, “आज हम अपनी आंखों के सामने एक नए भारत का निर्माण होते देख रहे हैं।”
भूपेन दा के उस प्रेरणादायक गीत का उल्लेख करते हुए, जिसमें उन्होंने समस्त मानवता को जीवन रूपी नौका का सहयात्री बताया है (‘आमी एकेखोन नावोरे जात्री, हहोजात्री एकेखोन नावोरे’), प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भावना सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के माध्यम से साकार हुई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय का प्रयास देश की प्रगति की पतवार बन रहा है, ताकि विकास की यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे। प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में 50 करोड़ भारतीयों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला गया है। इसमें असम में भी व्यापक सुधार शामिल हैं। उन्होंने समावेशी विकास के प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा, “यह सबका साथ, सबका विकास के मंत्र की शक्ति है।”
भूपेन दा के गीत ‘मानुहे मानुहोर बाबे’ का उल्लेख करते हुए, जिसमें यह संदेश दिया गया है कि यदि मनुष्य ही मनुष्य की पीड़ा नहीं समझेगा, तो फिर उसकी सुध कौन लेगा, प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतियों में मानवता को सर्वोपरि रखने से समाज मजबूत बनते हैं और लोगों के बीच दूरियां मिटती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने मानवीय संवेदना, सद्भाव और सदिच्छा के साथ असम और पूरे अष्टलक्ष्मी पूर्वोत्तर क्षेत्र की सेवा की है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि असम में हजारों लोगों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास और विश्वास का मार्ग अपनाया है। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे बदलाव का श्रेय भूपेन दा की प्रेरणादायी विरासत को देते हुए कहा, “आज पूर्वोत्तर के हर राज्य में, अष्टलक्ष्मी के हर स्वरूप और क्षेत्र के हर कोने तक विकास कार्य भूपेन दा के आशीर्वाद और उनकी प्रेरणा से ही पहुंच रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने गर्व व्यक्त किया कि भूपेन दा ने उनके संसदीय क्षेत्र काशी में शिक्षा प्राप्त की थी और वे जनसंचार में पीएचडी करने वाले शुरुआती भारतीयों में से एक थे। उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी समारोहों का समापन आज हो रहा है, लेकिन भूपेन दा की विरासत सदैव अमर रहेगी। प्रधानमंत्री ने नई पीढ़ी को भूपेन दा के गीतों से परिचित कराने के लिए उन्हें शिक्षा का हिस्सा बनाने, उनकी रचनाओं का संरक्षण करने, उनके विचारों पर शोध करने और उनके साहित्य का भारतीय भाषाओं में अनुवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने इन प्रयासों को सामूहिक रूप से आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा, “भूपेन दा की स्मृतियों से प्रेरणा लेकर हमें नए संकल्पों को साकार करना होगा।”
भूपेन दा के नए असम के सपने को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि किस प्रकार पिछले एक दशक में असम असीम संभावनाओं वाले राज्य के रूप में उभरा है। आधुनिक कनेक्टिविटी और टेक्नोलॉजी हब से लेकर भूपेन दा के नाम पर बने ब्रह्मपुत्र के विशाल सेतु और लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई के नाम पर बने आधुनिक गुवाहाटी हवाई अड्डे तक, असम में विकास के नए आयाम देखने को मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों और विशेष रूप से उषा मंगेशकर को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “असम का एक नया स्वरूप उभर रहा है और राज्य के विकास की यह गति आने वाले समय में और तेज होने वाली है।”
Remembering Bhupen Hazarika Ji. A great son of Assam and an extraordinary artist whose music continues to live on in the hearts of people. https://t.co/NV4AGsEAL7
— Narendra Modi (@narendramodi) November 29, 2026
भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे…उन्होंने अपने गीतों में एक युग लिखा: PM @narendramodi during the closing ceremony of Dr. Bhupen Hazarika Ji’s birth centenary celebrations
— PMO India (@PMOIndia) November 29, 2026
भूपेन दा ने भारत की भावनाओं को अपनी आवाज दी है।
उन्होंने भारत के सपनों को अपने गीतों में पिरोया है।
और इसलिए ये हमारा सौभाग्य है कि उनकी इसी विरासत को भारत सरकार ने भारत रत्न के रूप में देश का सर्वोच्च सम्मान दिया है: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 29, 2026
***
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए