पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 के प्रावधानों के अनुसार विजयवाड़ा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में घोषित करने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दी है।
यह प्रस्ताव राज्य की राजधानी से बेहतर संपर्क सुनिश्चित करेगा। यह हवाई यात्रियों को प्रतिस्पर्धी कीमत पर सेवाओं का व्यापक विकल्प प्रदान करेगा। साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय यात्री एवं कार्गो यातायात को राज्य में लाते हुए आंध्र प्रदेश के घरेलू/अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।
पृष्ठभूमि:
किसी हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करना यातायात की क्षमता और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए विमानन कंपनियों से मांग पर निर्भर करता है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए ग्राउंड लाइटिंग सुविधाएं, रात में विमानों के परिचालन के लिए इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम, मध्यम क्षमता वाले लंबी दूरी के विमानों अथवा इसके समकक्ष विमानों की आवाजाही के लिए पर्याप्त लंबाई के रनवे, सीमा शुल्क, आव्रजन, स्वास्थ्य और पशु एवं पौधे के लिए संगरोध सेवावाओं की उपलब्धता भी आवश्यक है।
विजयवाड़ा हवाई अड्डे को आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 के प्रावधानों के अनुसार और यात्री यातायात में वृद्धि, विमानन कंपनियों एवं आंध्र प्रदेश सरकार की मांग को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय परिचालन के लिए अपेक्षित बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का उन्नयन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण करेगा।